
कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है… जहां ग्रामीणों के राशन कार्ड अचानक बंद किए जाने और कुछ हितग्राहियों के नाम राशन कार्ड से विलोपित किए जाने की शिकायत सामने आई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी स्पष्ट जानकारी के उनके राशन कार्ड बंद कर दिए गए, जिसके चलते वे सरकारी राशन दुकान से मिलने वाले चावल सहित अन्य राशन सामग्री से वंचित हो गए हैं।
गांव के गरीब परिवारों और महिलाओं के सामने अब रोजमर्रा के भोजन की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें राशन कार्ड बंद होने की जानकारी भी राशन दुकान पहुंचने पर मिली, जिसके बाद वे हैरान और परेशान हैं।
इस समस्या को लेकर ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन से लिखित शिकायत कर बंद राशन कार्डों को पुनः चालू कराने, विलोपित नामों को बहाल करने और नियमित राशन वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि आखिर किन कारणों से गरीब परिवारों के राशन कार्ड बंद किए गए? क्या कार्ड बंद करने से पहले हितग्राहियों को इसकी सूचना दी गई थी? और कब तक इन जरूरतमंद परिवारों को उनके हक का राशन मिल पाएगा,
फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन और खाद्य विभाग पर टिकी हैं, ताकि उनकी समस्या का जल्द निराकरण हो और कोई भी गरीब परिवार राशन के अभाव में परेशान न हो।
