पीएम मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे, BJP मनाएगी ‘सेवा संकल्प महोत्सव’, देशभर में होंगे ये कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 साल पूरे करने जा रहे हैं। 7 अक्टूबर 2026 को उनके जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होंगे। इसी दिन 2001 में नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार देश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पीएम मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है। इस अवसर पर करीब 15 दिनों तक ‘सेवा संकल्प महोत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसके तहत अलग-अलग राज्यों में सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
15 दिनों तक चलेंगे विशेष कार्यक्रम
जानकारी के मुताबिक, ‘सेवा संकल्प महोत्सव’ के दौरान देशभर में करीब 15 दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण और स्वास्थ्य शिविर प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके अलावा ‘नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष’ थीम पर डिजिटल और फोटो प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। सुशासन, विकास और अंत्योदय जैसे विषयों पर प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन आयोजित होंगे। युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद कार्यक्रम भी किए जाएंगे। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
विनोद तावड़े को मिली अभियान की जिम्मेदारी
पीएम मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प महोत्सव’ की जिम्मेदारी भाजपा महासचिव विनोद तावड़े को सौंपी गई है।
अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित करने के लिए हर राज्य में 7 सदस्यीय टीम बनाई जाएगी। इसमें प्रदेश सरकार के एक मंत्री, संगठन के एक महामंत्री और पांच अन्य नेता शामिल होंगे। ये टीमें राज्य स्तर पर महोत्सव से जुड़े कार्यक्रमों की निगरानी और संचालन करेंगी।
2001 में शुरू हुआ था जनसेवा का सफर
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उस समय उनकी उम्र 51 वर्ष थी और वह गुजरात के 14वें मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद उन्होंने 2002, 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को लगातार जीत दिलाई।
नरेंद्र मोदी 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद 26 मई 2014 को उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। 2019 और 2024 में भी भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को सत्ता मिलने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।
इस तरह 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। भाजपा इसी अवसर को देशभर में सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए मनाने की तैयारी कर रही है।






























