भारत सम्मान/भटगांव/ फिरोज खान — नगर पंचायत भटगांव में विकास कार्यों के दावों के बीच सड़कों की बदहाल स्थिति अब नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। गर्मी में विकास कार्यों की सुस्ती और बरसात में सड़कों की खुदाई से नगरवासियों की परेशानी बढ़ गई है। नगर के वार्ड क्रमांक 5 न्यू माइनस की एक गली की स्थिति सबसे गंभीर बनी हुई है।
न्यू माइनस की इस गली में दर्जनों परिवार निवास करते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार विकास कार्य के नाम पर सड़क की खुदाई के बाद रास्ता पूरी तरह गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो गया है। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है। वाहन तो दूर, लोगों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क की स्थिति को लेकर नगर पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर फंस गया था। सीईओ के इस जवाब पर नगरवासियों ने सवाल उठाए हैं कि यदि ट्रैक्टर फंस गया था तो क्या उसे निकालने के लिए पूरी सड़क को ही खोदकर गड्ढों और कीचड़ में बदल देना जरूरी था?
लोगों ने सड़क की खुदाई के उद्देश्य, कार्य की समयसीमा और सड़क को दोबारा आवागमन योग्य बनाने को लेकर भी सवाल उठाए हैं। बरसात के दौरान दर्जनों परिवारों को हो रही परेशानी के बीच अब तत्काल सड़क दुरुस्त कराने की मांग उठ रही है।
मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि नगर पंचायत अध्यक्ष परमेश्वरी राजवाड़े का निवास न्यू माइनस क्षेत्र में ही है। ऐसे में नगरवासियों का सवाल है कि जब अध्यक्ष के निवास क्षेत्र में ही सड़क की यह स्थिति है, तो नगर पंचायत के अन्य हिस्सों में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति क्या होगी?
नगरवासियों का कहना है कि विकास की वास्तविक तस्वीर दावों और प्रचार में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देनी चाहिए। उन्हें फोटो, वाहवाही और आश्वासन नहीं, बल्कि सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा चाहिए।
नगरवासियों ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण कर सड़क की वास्तविक स्थिति का जायजा लें और अधूरे कार्य को तत्काल पूरा कर रास्ते को आवागमन योग्य बनाया जाए। साथ ही सड़क की खुदाई और निर्माण कार्य से संबंधित जानकारी भी सार्वजनिक की जाए।
1.विकास के नाम पर गड्ढे: भटगांव न्यू माइनस की सड़क बनी मुसीबत
2 ट्रैक्टर फंसने के बाद पूरी सड़क खोद दी? भटगांव में जनता नाराज






























