मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना जताई है। वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
IMD के मुताबिक, उत्तरी झारखंड, दक्षिण-पश्चिम बिहार और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास बने डिप्रेशन के प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। बिहार और झारखंड में भी भारी वर्षा की संभावना है। वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है। लगातार बारिश के कारण बुधवार को उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।
उत्तर-पश्चिम भारत में कैसा रहेगा मौसम?
- 22 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 25 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
- पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 25 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है।
- 23 से 25 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम?
- पश्चिमी मध्य प्रदेश में 20-21 अगस्त और 23-24 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 23 से 25 अगस्त के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
- विदर्भ में 20-22 और 24-25 अगस्त के दौरान बारिश की संभावना है, जबकि छत्तीसगढ़ में 21-22 अगस्त को बारिश हो सकती है।
- 23 से 25 अगस्त के बीच छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।
- 22 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश और 19 से 21 अगस्त के बीच छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वी भारत में कैसा रहेगा मौसम?
- 25 अगस्त तक अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
- झारखंड में 22-25 अगस्त, बिहार में 21-23 अगस्त और ओडिशा में 21-25 अगस्त के दौरान भारी बारिश की संभावना है।
- बिहार में 22 अगस्त को कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है।
पूर्वोत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?
- 22 अगस्त तक अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
- 22 और 25 अगस्त को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है।
- 23 से 25 अगस्त के बीच अरुणाचल प्रदेश में बारिश हो सकती है, जबकि 23-24 अगस्त को पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश के आसार हैं।
- 22 अगस्त तक अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
पश्चिमी भारत में कैसा रहेगा मौसम?
- 25 अगस्त तक कोंकण और गोवा में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
- 20 अगस्त को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बारिश की संभावना है।
- 21 से 25 अगस्त के बीच मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा, जबकि 20 से 25 अगस्त के दौरान गुजरात में बारिश हो सकती है।
- 20 अगस्त को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?
- 25 अगस्त तक आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और तेलंगाना में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
- केरल और लक्षद्वीप में 21-22 अगस्त तथा 23-25 अगस्त के दौरान बारिश की संभावना है।
- तटीय कर्नाटक में 25 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।






























