गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण के साथ गरिमामय समापन हो गया। कार्यक्रम में कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 540 खिलाड़ियों और 100 से अधिक ऑफिशियल्स ने हिस्सा लिया। जिम्नास्टिक, ताइक्वांडो, कबड्डी और क्रिकेट की चारों विधाओं में शानदार प्रदर्शन कर बिलासपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता।
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुआ। समापन कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय गौरेला, अनीता शिक्षा निकेतन और अमरपुर स्कूल की छात्राओं ने पारंपरिक परिधान में लोकगीत और सांस्कृतिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि खेल में हार जैसा कुछ नहीं होता, खिलाड़ी या तो जीतता है या सीखता है। खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास, भाईचारा और सद्भावना बढ़ती है। उन्होंने खिलाड़ियों से कभी हार न मानने और लक्ष्य के लिए मेहनत करने की प्रेरणा दी।
मंच से जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा की मांग पर सांसद ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने फिजिकल कॉलेज मैदान के जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख और पतगांवा में सीसी रोड के लिए 10 लाख, कुल 30 लाख रुपये देने की घोषणा की।
जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने कहा कि GPM में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अपने साथ जिले की मीठी यादों को और यहाँ की प्रकृतिक उपलब्धियों को अपने साथ ले जाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में विजेता टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र बहादुर सिंह, नपा अध्यक्ष राकेश जालान, उपाध्यक्ष शरद गुप्ता, पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव, जनपद अध्यक्ष अजीत हेमकुंवर श्याम, सीईओ मुकेश रावटे, डीईओ रजनीश तिवारी, एसडीएम अमित बेक, आलोक शुक्ला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।






























